राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Share This News

धनबाद: मनईटांड़ स्थित प्रदेश कॉर्डिनेटर श्री रविंद्र वर्मा के आवासीय कार्यालय में गुरुवार, 20 अगस्त को धनबाद कांग्रेस बचाओ समिति के तत्वावधान में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने राजीव गांधी के कार्यों को याद करते हुए कहा कि वे आधुनिक भारत के निर्माताओं में से एक थे। उन्होंने देश में पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने, कंप्यूटर क्रांति को बढ़ावा देने तथा 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नवोदय विद्यालयों की स्थापना, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेजों के विस्तार तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने जैसे कार्यों से देश को विकास की नई दिशा मिली।
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी द्वारा मानव संसाधन विकास मंत्रालय के माध्यम से देश के युवाओं की उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया, ताकि युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर वरीय कांग्रेस नेता राजेश्वर सिंह यादव, रविंद्र वर्मा, वैभव सिन्हा, श्रीराम चौरसिया, संजय जायसवाल, अवधेश पासवान, कामता पासवान, संदीप कुमार कक्कू, रामजी कुशवाहा, अशोक कुमार पासवान, भास्कर झा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a comment