धनबाद: 15.08.26
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर आज दिनांक 15.08.2026 को धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद के उद्यान में ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा रेल सुरक्षा बल के परेड का निरीक्षण किया | इसके साथ ही मंडल रेल प्रबंधक ने धनबाद मंडल द्वारा प्राप्त उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण भी प्रस्तुत किया | (संबोधन का विस्तृत विवरण Annexure के रूप संलग्न)
मंडल रेल प्रबंधक के संबोधन के उपरांत इस अवसर पर मंडल के कलाकारों एवं स्कूल के छात्रों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया | देश की आजादी एवं रक्षा से जुड़े जवानों के साहस एवं बलिदान से संबंधित नृत्य नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति की गयी | इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रिया मिश्र सहित महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अन्य सदस्याएं, मंडल के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे |
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा द्वारा स्काउट एवं गाईड डेन तथा जैक एण्ड जिल मोंटेशरी स्कूल में ध्वजारोहण किया गया एवं रेलवे अस्पताल में मरीजों के बीच उपहार वितरित किए गए |
मनीष सौरभ
(वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद
एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी)
Annexure-
मंडल रेल प्रबंधक महोदय का 80 वें स्वंतत्रता दिवस (2026) के अवसर पर सन्देश
प्रिय रेल कर्मियों,अधिकारियों,सज्जनों एवं बच्चों,
आज हम सभी राष्ट्र का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस पावन अवसर पर हम स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों, अमर शहीदों एवं महानायकों के पराक्रम और बलिदान को शत्-शत् नमन करते हैं।
आज के इस गौरवपूर्ण अवसर पर हम उनके अगाध देशप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हैं। साथ ही, यह पावन दिवस हम सभी को प्रेरणा देता है कि हम उनके आदर्शों एवं बताए हुए मार्ग पर चलते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर समर्पण, निष्ठा और एकजुटता के साथ आगे बढ़ते रहें।
देश के नवनिर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी क्रम में, धनबाद मंडल क्षेत्र एवं देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है
धनबाद मंडल अटूट प्रतिबद्धता के साथ समेकित प्रयासों से यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधापूर्ण यात्रा तथा माल लदान हेतु निरंतर प्रयत्नशील है l
धनबाद मंडल ने इस वित्तीय वर्ष की इस अवधि के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की है जिन्हें आपके समक्ष साझा करना चाहूँगा :-
माल लदान और राजस्व प्राप्ति
• धनबाद मंडल ने अप्रैल से जुलाई 2026 के मध्य 67 मिलियन टन माल लदान किया, जिससे 8,791 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित हुआ।
• इस वर्ष जुलाई 2026 तक यात्री आय से 209 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई, जो पिछले वर्ष की 184 करोड़ रुपए की आय की तुलना में लगभग 14 % अधिक है।
• इस वर्ष जुलाई 2026 तक, धनबाद मंडल द्वारा 1,15,120 (एक लाख पन्द्रह हज़ार एक सौ बीस) अनुपयुक्त वैगनों की मरम्मत लोडिंग के दौरान ही की गई, जिसके परिणामस्वरूप 1,985 अतिरिक्त रेक की लोडिंग एवं ढुलाई सुनिश्चित की जा सकी, जिससे लगभग 748 करोड़ रुपए का अतिरिक्त रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
आधारभूत संरचना
• जून 2026 को बनादाग–हजारीबाग टाउन खंड पर 5.2 किलोमीटर ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य तथा छिपादोहर–बरवाडीह–महुआमिलान खंड पर 15.6 किलोमीटर तीसरी लाइन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
• ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन में सरमाटांड़ – पारसबाद – चौबे – हजारीबाग रोड – चिचाकी – चौधरीबांध –पारसनाथ – निमियाघाट के मध्य ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (ABS) प्रणाली तथा हजारीबाग रोड स्टेशन पर नवीन इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया।
• छिपादोहर, बरवाडीह, महुआमिलान स्टेशनों के yard remodeling तथा नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया l
• मिर्चाधुरी – करैला रोड तथा करैला रोड – अनपरा के बीच डबल लाइन खंड में 2 नए इंटरमीडिएट ब्लॉक पोस्ट (IBP) तथा हजारीबाग टाउन – बेस के बीच सिंगल लाइन खंड में 1 नया इंटरमीडिएट ब्लॉक पोस्ट (IBP) चालू किया गया है। इससे संबंधित रेल खंडों की सेक्शनल क्षमता लगभग दोगुनी हो गई है तथा ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम हुआ है।
• मई 2026 में ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन की डाउन लाइन स्थित 03 सुरंगों से BOBRN के परिचालन का सफल परीक्षण किया गया। वर्तमान में अप लाइन पर भी इसके परिचालन की अनुमति हेतु आवश्यक अध्ययन एवं कार्य प्रगति पर हैं, जिससे BOBRN परिचालन पर लगे प्रतिबंधों को हटाया जा सकेगा।
पर्यावरण सरंक्षण एवं उर्जा की बचत
• धनबाद रेल मंडल पर्यावरण सुधारों एवं ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई माह के अंत तक 520 वर्ग मीटर भूमि में 37,600 पौधों का वृक्षारोपण किया जा चुका है।
• पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धनबाद मंडल में 821 kWp क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। यह केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यात्री सुविधा
• मंडल यात्रियों की सुविधाओं के प्रति हमेशा सजग और निरंतर प्रयासरत रहा है l वित्तीय वर्ष में निमियाघाट में उपरगामी पुल का विस्तार, कतरासगढ़ में 12 मीटर चौड़े उपरगामी पुल तथा चोपन स्टेशन में रैंप सहित उपरगामी पुल का निर्माण किया गया है।
• यात्रियों की सुविधा के लिए गोमो स्टेशन पर 01 तथा पारसनाथ स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म संख्या 1/2 तथा 5 पर 02 लिफ्ट स्थापित की गई हैं।
• धनबाद स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट की स्थापना हेतु निविदा आवंटित की गई है। वहीं, बरकाकाना स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
यात्री सहायता तथा रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा
• रेलवे सुरक्षा बल द्वारा RP (UP) एक्ट के तहत कुल 232 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, रेलवे एक्ट के तहत 23,028 (तेईस हज़ार अठाईस )असामाजिक तत्वों को पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹32,94,040/- (बत्तीस लाख चौरान्बे हज़ार चालीस रुपए) का जुर्माना वसूल किया गया।
• ऑपरेशन “आहट” के अंतर्गत 30 मानव तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 93 नाबालिग लड़कों/लड़कियों, महिलाओं एवं वयस्कों को मानव तस्करी से मुक्त कराया गया।
• ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत यात्रियों के सामान की चोरी एवं नशा खुरानी जैसे अपराधों में संलिप्त 114 अपराधियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
• ऑपरेशन जीवन रक्षा” के अंतर्गत रेल सुरक्षा बल(RPF) के जवानों द्वारा अब तक 41 यात्रियों के जीवन की रक्षा की गई है, जो उनकी सतर्कता, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
कर्मचारी कल्याण
• जुलाई 2026 तक 222 सामान्य एवं 49 असामान्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों/आश्रितों को समापक भुगतान किया गया। साथ ही, 44 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई।
• कार्य के दौरान मृत्यु के 02 मामलों में आश्रितों को Railway Salary Package के तहत ₹1-1 करोड़ तथा 01 आंशिक रूप से दिव्यांग कर्मचारी को ₹20 लाख की सहायता प्रदान की गई।
• जुलाई 2026 तक 832 कर्मचारियों को पदोन्नति तथा 186 कर्मचारियों को MACP का लाभ दिया गया।
• दिनांक 28.04.2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में स्थायी ‘एकल खिड़की प्रणाली’ का शुभारंभ किया गया, जिसके माध्यम से HRMS, PASS, UMID एवं Pension से संबंधित मामलों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण किया जा रहा है।
• Staff Benefit Fund के तहत 273 कर्मचारियों को बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु ₹39.24 लाख Education Assistance तथा 113 कर्मचारियों को ₹31.65 लाख Medical Assistance प्रदान की गई।
• बेहतर जलापूर्ति हेतु हजारीबाग टाउन, चरही एवं गोमो में 1,325 मीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा किया गया।
• कर्मचारियों, अधिकारियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु 16 निजी अस्पताल तथा 05 डायग्नोस्टिक सेंटर/अस्पताल अनुबंधित किए गए हैं।
• मंडल रेल अस्पताल, धनबाद के सभी वार्डों में सेंट्रल ए.सी. लगाने का कार्य पूरा किया गया है।
• मंडल रेल अस्पताल, धनबाद के नवीकरण के तहत नये मोड्यूलर ओ.टी. का निर्माण कराया जा रहा है l साथ ही आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों का क्रय किया जा रहा है।
पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन द्वारा रेलवे कर्मचारियों के बच्चों सहित अन्य जरूरतमंद बच्चों को सामान्य शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है।
WWO/DHN द्वारा महिला दिवस के अवसर पर 29 सेवानिवृत्त होने वाले एवं 13 उत्कृष्ट सेवा करने वाली महिला रेलकर्मियों को तथा मजदूर दिवस के अवसर पर 84 रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जो संगठन की प्रेरक सामाजिक भूमिका को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त महिलाओं के बीच निःशुल्क सैनिटरी पैड का वितरण कर उन्हें स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया है।
हमें पूर्ण विश्वास है कि महिला कल्याण संगठन द्वारा किए जा रहे ये जनहितैषी एवं समाजोपयोगी कार्य भविष्य में भी इसी भाव के साथ निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर मैं हमारी मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियन, SC/ST एवं OBC एसोसिएशन तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन के प्रति भी आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने रेल प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इनके सहयोग एवं सामूहिक प्रयासों से धनबाद मंडल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हम सभी एकजुटता, जिम्मेदारी एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा दुर्घटना-मुक्त एवं सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
यह समय आत्मसंतोष का नहीं, बल्कि निरंतर प्रगति एवं नई उपलब्धियों की ओर बढ़ने का है। हमें अपनी वर्तमान उपलब्धियों से आगे बढ़ते हुए ऊर्जा, उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना है और सामूहिक प्रयासों से मंडल को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर मैं आप सभी एवं आपके परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ।
ll जय हिन्द ll