स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पंख एक नई दिशा का रक्तदान शिविर

Share This News

जरूरतमंदों के लिए 25 यूनिट रक्त संग्रह

धनबाद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पंख एक नई दिशा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से एसजेएएस हॉस्पिटल के ब्लड यूनिट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ धनबाद जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, समाजसेवी कुंभ नाथ सिंह की पत्नी जया सिंह, सांसद प्रतिनिधि मिल्टन सार्थ पार्थी एवं दिलीप सिंह सहित संस्था के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में रक्तदाताओं एवं संस्था के सदस्यों के सहयोग से एसजेएएस हॉस्पिटल के ब्लड यूनिट की टीम ने जरूरतमंद मरीजों के लिए कुल 25 यूनिट रक्त संग्रह किया। इस अवसर पर अतिथियों को पुष्पगुच्छ तथा रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि पंख एक नई दिशा की रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सेवा की पहल सराहनीय एवं प्रशंसनीय है। रक्तदान महादान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
संस्था की अध्यक्ष पिंकी गुप्ता ने कहा कि पंख एक नई दिशा का उद्देश्य जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। संस्था वर्षभर रक्तदान के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में मानव रक्त का निर्माण संभव नहीं है, इसलिए रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करना एक महत्वपूर्ण मानवीय जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सुधा गुप्ता, सुषमा प्रसाद, नम्रता गुप्ता, गायत्री गुप्ता, शशि शेखर गुप्ता, कल्पना रंजन, रंजना सिंह, सुशीला ओझा, सोनिया शेट्टी, बबीता बरनवाल, ज्योति साव, ललिता सिंह सहित संस्था की पूरी टीम एवं एसजेएएस हॉस्पिटल के रक्त विभाग की टीम मौजूद थी।

Leave a comment