धनबाद। गुरुवार को गीता श्री विवाह मंडप, तेलीपाड़ा, हीरापुर में धनबाद जिला केंद्रीय कमेटी की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक निर्णय लिए।
बैठक में पदाधिकारी एवं सदस्यों की समस्याओं के समाधान, संगठन को और अधिक मजबूत, एकजुट एवं प्रभावी बनाने तथा कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने पर विचार-विमर्श किया गया। आगामी 13 सितंबर 2026 को होने वाले वार्षिक महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए तैयारियों और कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन सदस्यों ने वार्षिक शुल्क जमा नहीं किया है, उनकी सदस्यता रद्द की जा सकती है। साथ ही सभी सदस्यों को संगठन के अनुशासन का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। नियमित बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
सदस्यों के बीच सामानों के लेन-देन एवं अन्य गतिविधियों के लिए आपसी एवं सुगम व्यवस्था स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी वार्षिक महाधिवेशन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया तथा रक्तदान से संबंधित सहयोग के लिए सदस्यों से अपेक्षा की गई।
बैठक में संगठन की एकता, अनुशासन और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों ने बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं विचार रखे और संगठन को मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में धनबाद जिला केंद्रीय कमेटी के सभी प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।