कतरास कॉलेज की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने कुलपति व कुलसचिव से की वार्ता

Share This News

छात्र सुरक्षा समेत कई मुद्दे उठाए

धनबाद। कतरास कॉलेज में विद्यार्थियों को हो रही शैक्षणिक, मूलभूत एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर एनएसयूआई धनबाद जिला अध्यक्ष साहिल अली के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं से विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
वार्ता के दौरान कॉलेज की लाइब्रेरी को नियमित रूप से खोलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। छात्रों ने कहा कि लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद विद्यार्थियों को इसका नियमित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा वर्षों से उपलब्ध कंप्यूटर लैब को व्यवस्थित कर पूर्ण रूप से चालू कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
छात्रों ने कॉलेज में डिजिटल आईडी कार्ड की व्यवस्था लागू करने तथा कॉलेज परिसर में बाहरी एवं अनधिकृत लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की, ताकि परिसर का वातावरण सुरक्षित एवं पूरी तरह शैक्षणिक बना रहे।
एनएच-32 पर दुर्घटनाओं को देखते हुए पिछले गेट को खोलने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कतरास कॉलेज के सामने से गुजरने वाले एनएच-32 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया। छात्रों ने कहा कि मुख्य सड़क पर वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
छात्रों ने मांग की कि विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज के पिछले हिस्से की ओर स्थित गेट/मार्ग को व्यवस्थित रूप से खोलने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रशासन आवश्यक पहल करे। इससे विद्यार्थियों को मुख्य सड़क पर अनावश्यक निर्भरता से राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
छात्र संगठनों के सम्मान का मुद्दा भी उठा ।एनएसयूआई विश्वविद्यालय महासचिव तारिक अनवर ने छात्र संगठनों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक और लोकतांत्रिक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन विद्यार्थियों की समस्याओं को कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए छात्र प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए छात्रहित के मामलों में सकारात्मक संवाद कायम किया जाना चाहिए।
एनएसयूआई कतरास कॉलेज अध्यक्ष शाहबाज खान ने कहा कि लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, पहचान पत्र, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे लंबे समय से विद्यार्थियों के सामने हैं। संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि कॉलेज की व्यवस्था को बेहतर बनाना और विद्यार्थियों को उनकी उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से उठाया जाता रहेगा।

कुलपति-कुलसचिव ने दिया सकारात्मक आश्वासन

वार्ता के दौरान कुलपति एवं कुलसचिव ने छात्र प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उचित मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। एनएसयूआई धनबाद जिला अध्यक्ष साहिल अली ने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष आवाज उठाता रहेगा। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से लाइब्रेरी नियमित खोलने, कंप्यूटर लैब चालू कराने, डिजिटल आईडी कार्ड लागू करने, बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने, NH-32 से बचाव के लिए पिछले गेट/मार्ग को व्यवस्थित रूप से खोलने, छात्र संगठनों को सम्मानजनक संवाद का अवसर देने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन मांगों का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि कतरास कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था, सुरक्षा, पारदर्शिता, मूलभूत सुविधाओं और छात्रहित को मजबूत करना है।

Leave a comment