नशा मुक्ति अभियान के तहत चार स्कूलों में छात्रों ने लिया संकल्प

Share This News

धनबाद/पुटकी-मुनीडीह। राष्ट्रव्यापी नशा मुक्ति अभियान के तहत मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जगजीवन नगर की ओर से पुटकी-मुनीडीह क्षेत्र के चार प्रमुख विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व अनु दीदी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल मुनीडीह, आईएसएल मुनीडीह, बालुडीह पब्लिक स्कूल मुनीडीह और राजकीय उच्च विद्यालय पुटकी बाजार में विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को नशे के दुष्प्रभावों के साथ-साथ डिजिटल माध्यम के बढ़ते दुरुपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

ब्रह्माकुमारी बहनों ने विद्यार्थियों को बताया कि ऑनलाइन गेम, बेवजह रील्स देखने और इंटरनेट पर अनावश्यक समय बिताने से पढ़ाई और करियर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। विद्यार्थियों से अपने बहुमूल्य समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई, उच्च शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मेडिटेशन और सकारात्मक सोच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित ध्यान और अनुशासित दिनचर्या के माध्यम से एकाग्रता बढ़ाई जा सकती है और अपने लक्ष्य पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित किया जा सकता है।

इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से “नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त धनबाद, नशा मुक्त पुटकी-मुनीडीह-बालुडीह, नशा मुक्त समाज और नशा मुक्त परिवार” का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया और सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

अभियान को सफल बनाने में वैशाखी दीदी, मनीषा मंजरी, बी.एन. राय, शिवपूजा दीदी, अंजलि दीदी, बरखा दीदी, माधव झा, सुग्फता दा, ममता बहन, लक्ष्मी बहन, मीरा बहन सहित ब्रह्माकुमारीज के कई बीके भाई-बहनों का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम में चारों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन, ध्यान और सकारात्मक सोच के जरिए अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment