धनबाद। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर NEET परीक्षा में धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने रणधीर वर्मा चौक पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि NEET धांधली ने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों के हक के लिए आवाज उठाई, तो उनके साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किया गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धनबाद जिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, सड़कों पर यह आंदोलन ऐसे ही जारी रहेगा। इस मौके पर युवा कांग्रेस समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।