धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अडानी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 21 जुलाई 2026 दिन मंगलवार को धनबाद के बाबू नगर,लोहार कुली क्षेत्र में दिव्यांगता जागरूकता एवं अर्ली इंटरवेंशन को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगता के प्रति जागरूकता फैलाना तथा बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर शारीरिक, मानसिक एवं विकास संबंधी समस्याओं की पहचान करना था। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें कई बच्चों में विकासात्मक एवं मानसिक समस्याओं के लक्षण पाए गए।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों के लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही, दिव्यांगजनों के प्रति समाज में पूर्ण संवेदनशीलता, सम्मान और जागरूकता का वातावरण बनाने पर जोर दिया गया।
अभिभावकों से अपील की गई कि दिव्यांग बच्चों को घर पर ही सीमित न रखें, बल्कि उन्हें उनकी क्षमता और आवश्यकता के अनुसार स्कूल भेजें तथा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ें। उचित शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण और समय पर आवश्यक उपचार एवं थेरेपी मिलने से दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास और भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में दिव्यांगता से संबंधित जानकारी और सुविधाओं का अभाव है, जिससे बच्चों को उचित सहायता नहीं मिल पाती। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की समय-समय पर जांच कराने, विशेष शिक्षा अपनाने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
विशेषज्ञों ने कहा कि समय रहते दिव्यांगता की पहचान, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाना और उचित मार्गदर्शन मिलने से दिव्यांग बच्चों के जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाना चाहिए। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और दिव्यांग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।