पूर्व मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वाधान में राज्य पुरस्कार ज़ाच शिविर व गोल्डन एरो ज़ाच शिविर

Share This News

धनबाद :पूर्व मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय हाजीपुर के तत्वावधान में राज्य पुरस्कार जाँच शिविर एवं गोल्डन ऐरो जाँच शिविर 2025-26 का आयोजन दिनांक 27 जून से 01 जुलाई तक जिला प्रशिक्षण केंद्र धनबाद में किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण शिविर में पूर्व मध्य रेल के विभिन्न मंडलों एवं जिला संघों के स्काउट, गाइड, कब्स एवं बुलबुल सदस्य उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
राज्य पुरस्कार जाँच शिविर स्काउटिंग एवं गाइडिंग जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। इस शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों के स्काउटिंग कौशल, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, अनुशासन, शारीरिक दक्षता तथा विभिन्न व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक विषयों की विस्तृत जांच की जाती है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को अनेक परीक्षणों एवं मूल्यांकन प्रक्रियाओं से गुजरना होगा, जिनमें गांठें एवं बांध , प्राथमिक उपचार , मानचित्र अध्ययन, कैंप क्राफ्ट, ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग का इतिहास एवं सिद्धांत, सामुदायिक सेवा, व्यक्तित्व विकास तथा अन्य स्काउटिंग गतिविधियां शामिल हैं।
साथ ही, कब्स एवं बुलबुल वर्ग के बच्चों के लिए गोल्डन ऐरो जाँच शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। गोल्डन ऐरो, कब्स एवं बुलबुल वर्ग का सर्वोच्च पुरस्कार है। इस जाँच के दौरान बच्चों की दक्षता, अनुशासन, सेवा भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा विभिन्न स्काउटिंग एवं गाइडिंग कौशलों का मूल्यांकन किया जाता है। यह पुरस्कार बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही आदर्श नागरिक बनने तथा स्काउटिंग के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करता है।
शिविर में राज्य पुरस्कार के लिए पात्र स्काउट एवं गाइड सदस्यों तथा गोल्डन ऐरो के लिए पात्र कब्स एवं बुलबुल सदस्यों का मूल्यांकन अनुभवी परीक्षकों एवं प्रशिक्षकों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों का उद्देश्य अपनी योग्यता, दक्षता एवं स्काउटिंग भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है।
शिविर में सफलतापूर्वक सभी निर्धारित जांच एवं परीक्षणों को उत्तीर्ण करने वाले स्काउट एवं गाइड सदस्यों को पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक के कर-कमलों द्वारा राज्य पुरस्कार प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। जबकि राज्य सरकार के अंतर्गत आयोजित राज्य पुरस्कार जाँच में सफल प्रतिभागियों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार राज्यपाल द्वारा प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार स्काउटिंग एवं गाइडिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि, अनुशासन एवं सेवा भावना का प्रतीक माना जाता है तथा प्रतिभागियों को आगे चलकर राष्ट्रीय पुरस्कार एवं राष्ट्रपति स्काउट/गाइड पुरस्कार जैसी उच्च उपलब्धियों की दिशा में प्रेरित करता है।
इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य पुरस्कार एवं गोल्डन ऐरो जाँच शिविर युवाओं एवं बच्चों में नेतृत्व, आत्मविश्वास, अनुशासन, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविर प्रतिभागियों को जिम्मेदार, जागरूक एवं सेवाभावी नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
शिविर के सफल आयोजन हेतु धनबाद जिला संघ एवं विभिन्न विभागों द्वारा आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एवं परीक्षण के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके।
यह शिविर पूर्व मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की युवा विकास, चरित्र निर्माण तथा समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान की रिपोर्ट

Leave a comment