धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में ग्रीष्म ऋतु के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह आयोजित होने वाले नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य जांच शिविर का संचालन ट्रस्ट की सदस्य एवं चिकित्सक डॉ. अलका सिंह के द्वारा किया गया। शिविर के दौरान सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए।गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, लू, वायरल संक्रमण, त्वचा संबंधी समस्याएं एवं कमजोरी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से शिविर में बच्चों की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।डॉ. अलका सिंह ने बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा तेज धूप से बचने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
स्कूल की सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल ने कहा कि, “दिव्यांग बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। ऐसे शिविर समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर उचित उपचार में सहायता करते हैं।”
“हमारा उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।