धनबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व छात्र नेता विवेक गुप्ता के नेतृत्व में शहर के कोयला कुसुम क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाजसेवी कुंभ नाथ सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व में लगाए गए पौधों का भी अवलोकन किया गया, जो अब वृक्ष का रूप ले चुके हैं और उनमें फल भी लगने लगे हैं। वृक्ष न केवल पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए उपयोगी फल और अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराते हैं।
समाजसेवी कुंभनाथ सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लगभग 100 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त बनाना है, ताकि लोगों को शुद्ध वायु मिल सके। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण और औद्योगिक विस्तार के कारण पर्यावरण प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिसका प्रभाव आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।
पूर्व छात्र नेता विवेक गुप्ता ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने चाहिए। यही पौधे भविष्य में वृक्ष बनकर पर्यावरण को शुद्ध रखने और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।