धनबाद में हुई अहले सुबह की बारिश ने विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है। स्टेशन के पीछे डीएवी स्कूल के पास नई सड़क इलाके में हालात ऐसे हैं कि सड़क और तालाब में फर्क करना मुश्किल हो गया है। जलजमाव ने स्थानीय लोगों, राहगीरों और सब्जी विक्रेताओं की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। नगर निगम और रेलवे की लापरवाही अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है।
सुबह हुई बारिश के बाद स्टेशन के पीछे डीएवी स्कूल के पास नई सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई। सड़क पर घुटनों तक जमा पानी के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा असर यहां के सब्जी विक्रेताओं पर पड़ा है। जलजमाव के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनका व्यवसाय लगभग ठप हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन नगर निगम और रेलवे प्रशासन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाते। सड़क पर भरे पानी से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और लोगों को इस जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।