विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष स्कूल पहला कदम में हुआ वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम

Share This News

धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर, धनबाद स्थित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में शुक्रवार 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में पौधारोपण किया गया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम में स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल, स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल, शिक्षकगण शामिल हुए। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की नींव है।स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। हमें प्रकृति से प्रेरणा लेते हुए जलवायु संरक्षण और हरित वातावरण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष की थीम प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए है। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) तथा कार्बन उत्सर्जन कम करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। स्कूल परिसर में एक स्वस्थ पर्यावरण,एक बेहतर भविष्य का संदेश देकर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a comment