Breaking News

धनबाद में एमआर कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने कंपनी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप।

Share This News

धनबाद थाना क्षेत्र के चिरागोड़ा स्थित एक किराए के मकान में रहने वाले 31 वर्षीय युवक चिराग लक्ष्मी ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मौके पर जांच करने पहुंचे धनबाद थाना के एएसआई हरि प्रसाद नारायण ने बताया कि मृतक चिराग लक्ष्मी एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) का काम करता था और धनबाद में किराए के मकान में रहकर नौकरी करता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। उनका का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

वहीं मृतक के पिता कुंदन कुमार ने कंपनी और उसके अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नौकरी शुरू करने के बाद से ही चिराग पर लगातार काम और टारगेट का दबाव बनाया जाता था। कंपनी के मैनेजर और कलेक्शन से जुड़े लोग उसे हमेशा मानसिक रूप से परेशान और प्रताड़ित करते थे, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था।

मृतक के पिता ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ पटना जाने की तैयारी कर रहे थे, जहां उनका किडनी ट्रांसप्लांट होना था। इसी दौरान जब वह खाना लेने बेटे के कमरे पर पहुंचे तो देखा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment