उपायुक्त व एसएसपी ने किया पुलिस केंद्र में मैगजीन गार्ड भवन का उद्घाटन

Share This News

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से आज पुलिस केंद्र में नवनिर्मित मैगजीन गार्ड भवन का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर किया। इसके बाद वरीय अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि इस नए भवन के निर्माण से पुलिस विभाग को काफी सहूलियत मिलेगी। पहले जहां हथियारों के रख-रखाव और प्रबंधन में कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आती थीं, वहीं अब आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में सभी कार्य अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि हथियारों का वैज्ञानिक और सुरक्षित भंडारण किसी भी पुलिस व्यवस्था की रीढ़ होता है, और इस दिशा में यह नया भवन एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त ने आगे कहा कि पुलिस केंद्र में लगातार आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न निर्माण कार्य जारी हैं। बताया कि बीते कुछ समय में पुलिस केंद्र की व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आने वाले समय में इसे और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग हर संभव कदम उठा रहा है।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पुराना शास्त्रगार भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था। इससे सुरक्षा और रख-रखाव को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो रही थीं। इसको ध्यान में रखते हुए नए भवन का निर्माण कराया गया है। इसमें हथियारों की संख्या और उनकी संवेदनशीलता को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है।

उन्होंने बताया कि नए शास्त्रगार में हथियारों के सुरक्षित भंडारण, नियमित देखरेख और त्वरित उपलब्धता के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा भवन की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई है। चौबीसों घंटे पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी और पूरे परिसर की सख्त घेराबंदी की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की चूक की संभावना नहीं हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि शास्त्रगार के प्रभारी अधिकारी एवं उनके सहायक स्थायी रूप से परिसर में ही तैनात रहेंगे, ताकि हथियारों की निगरानी, रख-रखाव और अभिलेखों का संधारण लगातार और प्रभावी ढंग से किया जा सके। इससे न केवल सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर हथियारों की उपलब्धता भी तेज और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जा सकेगी।

उद्घाटन के दौरान उपस्थित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस नए भवन के शुरू होने से पुलिस बल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक मजबूती आएगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने नए भवन के सफल संचालन और बेहतर उपयोग के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई तथा इसे पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।

इस अवसर पर सिटी एसपी श्री ऋतविक श्रीवास्तव, एसडीपीओ निरसा श्री रजत मणिक बाखला, डीएसपी मुख्यालय श्री धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सीसीआर श्री सुमित कुमार, डीएसपी विधि-व्यवस्था श्री नौशाद आलम, डीएसपी ट्रैफिक श्री अरविन्द कुमार सिंह, डीएसपी साइबर श्री संजीव कुमार, डीएसपी श्री सुनील कुमार सिंह, डीएसपी श्री प्रदीप कुमार, सार्जेंट मेजर श्री अवधेश कुमार, सार्जेंट मेजर श्री विनोद कुजूर, सार्जेन्ट मेजर श्री राकेश दुबे, धनबाद थाना प्रभारी श्री मनोज पाण्डेय, सरायढेला थाना प्रभारी श्री मंजीत कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी श्री जय प्रकाश, सार्जेंट श्री अर्जुन महथा, सार्जेंट श्री लक्ष्मण मेहता सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a comment