तेज रफ्तार का कहर: डुमरी में वाहन ने उखाड़े बिजली के खंभे, कई घरों के उपकरण जले

Share This News

धनबाद । झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी 2 नंबर में तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला जहां एक अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे लगे बिजली के दो खंभों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों खंभे क्षतिग्रस्त हो गए जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई.घटना के बाद आसपास के लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर लगते ही इलाके में शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हो गई जिससे कई घरों में बिजली के उपकरण जैसे पंखा, टीवी और फ्रिज जल गए.अचानक हुई इस घटना से लोग दहशत में आ गए.
स्थानीय निवासियों ने इस घटना के लिए अवैध कोयला परिवहन को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि इस मार्ग से रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है. लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान दिया होता तो आज यह स्थिति नहीं बनती .घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है और वे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
वहीं जब इस मामले में पाथरडीह सबस्टेशन के एसडीओ से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. फिलहाल इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित है और क्षतिग्रस्त खंभों को ठीक किया जा रहा है.स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध परिवहन और तेज रफ्तार वाहनों पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है.

Leave a comment