धनबाद, 21 जनवरी 2025: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना पर लापरवाही का आरोप:निरसा के रांगामाटी क्षेत्र से आई एक सेविका ने शिकायत की कि स्थानीय सीडीपीओ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के 11 लंबित आवेदनों का निष्पादन नहीं कर रही हैं। उपायुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को जांच कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पड़ोसी विवाद:राजगंज बाजार से आई एक महिला ने शिकायत की कि उनके मकान के पास बने नए घर का पानी उनके घर में घुस रहा है, जिससे उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि शिकायत के बावजूद पड़ोसी समाधान की जगह धमकी दे रहा है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शराब दुकान हटाने की मांग:गोविंदपुर के यशलोक नगर क्षेत्र से आए निवासियों ने एक शराब दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुकान पर मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
अन्य शिकायतें:जनता दरबार में पेंशन से वंचित लोगों, नाला निर्माण, भूमि पर अवैध कब्जा, मुआवजा न मिलने, और भूमि मापी प्रमाण पत्र न दिए जाने जैसी कई शिकायतें दर्ज की गईं।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री नियाज अहमद भी मौजूद थे।