Breaking News

बीसीसीएल की युवा दिवस प्रतियोगिताओं में राजकमल स्कूल के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

Share This News

धनबाद, 15 जनवरी: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर कोयला नगर के जुबली पार्क में युवा दिवस समारोह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इसमें 15 स्कूलों के 150 बच्चों ने बहुविकल्पीय (MCQ), चित्रकला, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार जीते। प्रश्नोत्तरी (कनिष्ठ वर्ग) में समृद्ध कुमार ने दूसरा और कुणाल मिश्रा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता (वरिष्ठ वर्ग) में प्रत्यूष हर्ष ने दूसरा स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रियांशु चौधरी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सामूहिक क्विज में कृष पाठक और सौरभ नारायण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्राचार्य सुमन्त कुमार मिश्र ने छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रेरणा का स्रोत बनने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्रों से स्वामी विवेकानंद को आदर्श मानने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक शंकर दयाल बुधिया, अध्यक्ष विनोद कुमार तुलस्यान, उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार पटनिया, सचिव संजीव कुमार अग्रवाल और अन्य पदाधिकारियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a comment