बीजेपी समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार के समर्थन में राष्ट्रीय मंत्री और चुनाव प्रभारी ने संभाली कमान

Share This News

धनबाद (DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी संजीव कुमार के पक्ष में माहौल बनाने के लिए बैंक मोड़ स्थित चुनाव कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने की, जिसमें वार्ड प्रभारी, सह-प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, जिला पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी ऋतुराज सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से 27 तारीख को जीत का उत्सव मनाया जाएगा।

इस दौरान सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में हैं और जनता विकास व सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी। बैठक में पूर्व मंत्री अमर बाउरी, पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, विधायक राज सिन्हा, विधायक शत्रुघ्न महतो, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में बूथ प्रबंधन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और समन्वय के साथ चुनावी अभियान में जुटने की अपील की।

पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि शहर की जनता का समर्थन भाजपा प्रत्याशी के साथ है और उनके नेतृत्व में धनबाद के व्यापक विकास की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी इस चुनाव में निर्णायक जीत हासिल करेगी और शहर को मजबूत नेतृत्व मिलेगा।

Leave a comment