धनबाद: भारत भ्रमण पर आए जापान के एक पर्यटक के अपने दल से बिछड़ जाने के बाद धनबाद पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया। यह घटना मैथन चेक पोस्ट के पास सामने आई, जहाँ विदेशी पर्यटक अकेले और परेशान हालत में मिला।
जानकारी के अनुसार, जापान के टोकियो निवासी हारुखी वतावनवे भारत यात्रा पर हैं और श्रीलंका के रास्ते भारत पहुंचे थे। वह बौद्ध धर्म से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थल बोधगया की यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान मैथन टोल प्लाजा के पास उनकी बस छूट गई, जिससे वे अपने समूह से बिछड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पर्यटक से मुलाकात की और उन्हें अपने साथ ओपी (पुलिस चौकी) लेकर आए। पुलिस ने उनसे बातचीत कर पूरी जानकारी जुटाई और उनके यात्रा दस्तावेजों की जांच कर पहचान सुनिश्चित की।
इसके बाद मैथन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित बस के मालिक से संपर्क स्थापित किया। पुलिस के प्रयास से पर्यटक का सारा सामान बोधगया में सुरक्षित रखवा दिया गया। साथ ही, हारुखी वतावनवे के लिए दूसरी बस से बोधगया तक सुरक्षित यात्रा की व्यवस्था की गई।
धनबाद पुलिस की तत्परता और सहयोग से भावुक हुए जापानी पर्यटक ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत में उन्हें लोगों और पुलिस से बेहद मददगार व्यवहार मिला, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि धनबाद पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता देती है। भटके विदेशी पर्यटक को सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाकर पुलिस ने सेवा, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।