धनबाद (DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक एवं धनबाद विधायक राज सिन्हा ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर धनबाद, झारखंड और पूरे देश के लोगों को शुभकामनाएँ दीं।
विधायक सिन्हा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ एक धुन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकजुटता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अमर भावना है। डेढ़ सौ वर्षों की इस यात्रा ने साबित किया है कि यह गीत हर दौर में भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उन्होंने कहा कि आज जब हम इस ऐतिहासिक अवसर को मना रहे हैं, तो हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण करना चाहिए, जिन्होंने इसी गीत से प्रेरित होकर अन्याय, दमन और गुलामी के खिलाफ आवाज उठाई थी। यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा रहा है और आज भी देशभक्ति की वही लौ जलाए हुए है।
विधायक सिन्हा ने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे ‘वंदे मातरम्’ की भावनाओं को आत्मसात करें—
देश के प्रति कर्तव्य, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और एक मजबूत, सुरक्षित तथा विकसित भारत के निर्माण का संकल्प।
उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल उत्सव नहीं, बल्कि यह याद दिलाने का भी है कि हमें मिलकर ऐसा भारत गढ़ना है जिस पर आने वाली पीढ़ियाँ गर्व कर सकें।