कल्पना सोरेन बोलीं – झारखंड की मिट्टी में अब बदलाव की खुशबू

Share This News

झारखंड (JHARKHAND): घाटशिला के गंधनिया हाट मैदान में गुरुवार को अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। दूर-दूर से आए लोग हाथों में पार्टी के झंडे थामे और मन में नई उम्मीदें लिए कार्यक्रम स्थल पर जुटे। यहां पहुंचे उत्साहित समर्थकों को संबोधित करते हुए गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि “दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत रामदास सोरेन सिर्फ नेता नहीं थे, बल्कि झारखंड की जीवंत चेतना थे। ऐसा लगता है मानो ईश्वर ने किसी विशेष उद्देश्य से दोनों को अपने पास बुलाया है। लेकिन उनकी सोच और संघर्ष को आगे ले जाना अब हम सभी की जिम्मेदारी है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस क्षेत्र की बागडोर युवा और समर्पित नेता सोमेश सोरेन को सौंपी है, और वे अपने पिता की राह पर चलते हुए जनता की सेवा को ही अपना लक्ष्य बनाएंगे।
महिलाओं का उल्लेख करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को दी जाने वाली 2500 रुपये मासिक सहायता ने उन्हें आर्थिक मजबूती और आत्मविश्वास दिया है। “यही असल बदलाव है, यही झारखंड के नए दौर का आरंभ है,” उन्होंने जोड़ा।

नेताओं ने दिया सरकार की योजनाओं का ब्योरा
राज्य के मंत्री दीपक बिरुआ ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विभिन्न लोकहितकारी योजनाओं ने राज्य में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन की जो संघर्षपूर्ण राजनीतिक विरासत थी, उसे अब उनके पुत्र सोमेश सोरेन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम में सांसद जोबा मांझी, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी, विधायक सविता महतो, पूर्व विधायक सत्यानंद भोक्ता, लक्ष्मण टुडू और दिवंगत रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमोनी सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेता एवं स्थानीय लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a comment