धनबाद, 26 दिसंबर 2024पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत धनबाद जिला कांग्रेस ने सिटी सेंटर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर आज एक भव्य शताब्दी समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में महात्मा गांधी के जीवन और उनके कार्यों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत “रघुपति राघव राजा राम” गीत से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
गौ सेवा आयोग के चेयरमैन राजीव रंजन प्रसाद और कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष और कार्यक्रम के पर्यवेक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने महात्मा गांधी के आंदोलनों और विचारधारा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी जी ने चंपारण आंदोलन, खिलाफत आंदोलन, असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे कई ऐतिहासिक आंदोलनों का नेतृत्व किया। रौलट एक्ट जैसे काले कानून के खिलाफ गांधी जी का विरोध आज भी प्रासंगिक है। गोडसे की विचारधारा गांधी जी की हत्या कर सकती है, लेकिन उनकी विचारधारा की हत्या नहीं कर सकती।”
धनबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “हमें गर्व है कि हम उस कांग्रेस के सिपाही हैं, जिसके अध्यक्ष महात्मा गांधी थे। भाजपा और आरएसएस गांधी जी के हत्यारे को पूजते हैं और कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देकर देश को विखंडित करना चाहते हैं। लेकिन हम गांधी जी के आदर्शों पर चलते हुए संघ मुक्त भारत बनाएंगे।”
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव मदन महतो, प्रदेश कांग्रेस सचिव सह प्रवक्ता शमशेर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
धनबाद कांग्रेस ने घोषणा की कि आगामी 28 दिसंबर 2024 को कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस समारोह ब्लेसिंग बैंक्विट हॉल, बेकारबांध, पॉलिटेक्निक रोड में आयोजित किया जाएगा