दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, परिजन और ग्रामीण पहुंचे जेल गेट

Share This News

धनबादः सरायढेला थाना क्षेत्र में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पीड़िता के परिजन और ग्रामीण उग्र होकर जेल गेट तक पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्हें आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी पहले नहीं दी गई।

ग्रामीणों ने जेल गेट पर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा। सरायढेला थाना प्रभारी नूतन मोदी ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाया। पुलिस पदाधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और जेल गेट से वापस लौटे।

कोर्ट में दर्ज हुआ पीड़िता का बयान

सरायढेला थाना प्रभारी नूतन मोदी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पीड़िता का बयान कोर्ट में दर्ज करा लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है और पुलिस प्रशासन से न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a comment