Breaking News

बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

Share This News

झारखंड विधानसभा के सत्र में सोमवार को बाघमारा के लोकप्रिय विधायक शत्रुघ्न महतो ने झारखण्ड राज्य में बिगड़ती लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में प्रति एक लाख आबादी पर मात्र 196 पुलिस बल हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 300 पुलिस बल प्रति लाख की आवश्यकता मानी गई है।

उन्होंने इस भयावह स्थिति की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य में कम से कम 20,000 पुलिस बलों की तत्काल आवश्यकता है। पुलिस की कमी के कारण कर्मचारियों को 8 घंटे के बजाय 18 से 20 घंटे तक ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है।

माननीय विधायक श्री महतो ने सरकार को याद दिलाया कि झारखंड में ASI पदोन्नति मिलने के बाद भी पद रिक्त रह जाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और कमजोर होती जा रही है। इसका सीधा फायदा अपराधियों को मिल रहा है, जिनका मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य में पुलिस अधिकारियों (DSP) पर हमले बढ़ रहे हैं, जो दर्शाता है कि झारखंड में पुलिस बल की भारी कमी है। उन्होंने मांग की कि सरकार अतिशीघ्र 4919 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करे और राज्य की कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए।

“यदि सरकार जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं करती है, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर और भी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है,” विधायक महतो ने कहा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को पुलिस बल में नई भर्तियां जल्द से जल्द करनी चाहिए, ताकि राज्य में अपराधियों के बढ़ते हौसले को रोका जा सके और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस करे।

Leave a comment