Breaking News

मैयां सम्मान योजना की राशि के लिए अंचल कार्यालय में उमड़ी सैकड़ों महिलाओं की भीड़

Share This News

धनबाद, 19 मार्च 2025: झारखंड सरकार की मैयां सम्मान योजना के तहत तीन महीने की राशि ₹7500 एक साथ आने के बाद धनबाद अंचल कार्यालय में सैकड़ों महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जिन महिलाओं के खाते में यह राशि नहीं आई, वे अपने दस्तावेज सुधारने और जानकारी लेने के लिए कार्यालय पहुंचीं। कार्यालय में भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था फैल गई। महिलाएं धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि कार्यालय में केवल एक ऑपरेटर कार्यरत है, जिससे प्रक्रिया काफी धीमी हो रही है और महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इस देरी के कारण महिलाएं धक्का-मुक्की और हंगामा करने लगीं।

महिलाओं का कहना है कि उनके सभी कागजात सही हैं, फिर भी उनके खाते में योजना की राशि नहीं आई। वे जब अंचल कार्यालय में जानकारी लेने पहुंचीं, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसको लेकर महिलाओं में आक्रोश है और वे सही समाधान की मांग कर रही हैं।

एक महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा:”हमारा सारा पेपर सही है, फिर भी ₹7500 की राशि नहीं आई। यहां घंटों से खड़े हैं, लेकिन कोई सही जानकारी नहीं दे रहा। अब हम क्या करें?”महिलाओं ने अंचल कार्यालय में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और सही जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उन्हें भटकना न पड़े और जल्द समाधान मिल सके।

गौरतलब है कि झारखंड सरकार की इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को ₹2500 प्रति माह की सहायता राशि दी जाती है। इस बार तीन महीने की राशि ₹7500 एक साथ आई, जिससे कई लाभार्थियों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस अव्यवस्था को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है और महिलाओं को उनकी योजना राशि कब तक मिलती है।

Leave a comment