धनबाद, 14 मार्च 2025: होली के शुभ अवसर पर लुबी सर्कुलर रोड स्थित उपायुक्त आवास में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन ने अन्य पदाधिकारियों संग मिलकर हर्बल गुलाल लगाकर रंगोत्सव का आनंद लिया।इस मौके पर उपायुक्त एवं एसएसपी ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण माहौल में सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। उपायुक्त माधवी मिश्रा ने कहा, “होली का यह रंगीन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लाए।” वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने सुरक्षित और संयमित तरीके से होली मनाने का आग्रह किया।
समारोह में जिले के शीर्ष अधिकारी हुए शामिल
होली मिलन समारोह में धनबाद के कई प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सिटी एसपी अजीत कुमार, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनीता कुजूर, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, साइबर डीएसपी संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पारंपरिक अंदाज में होली मनाई और आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे माहौल में रंगों की खुशी और उमंग छाई रही।