धनबाद: जगरनाथ हॉस्पिटल के अल्ट्रा स्कैन सेंटर पर छापेमारी, नियम उल्लंघन पर सील

Share This News

धनबाद, 4 मार्च 2025: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा के निर्देशानुसार गठित जिला स्तरीय पीसी एंड पीएनडीटी जांच टीम ने मंगलवार को स्टील गेट स्थित जगरनाथ हॉस्पिटल के अल्ट्रा स्कैन सेंटर पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान पीसी एंड पीएनडीटी (Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques) अधिनियम के नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया।

जांच टीम ने सेंटर में एक अनाधिकृत व्यक्ति को अल्ट्रासाउंड करते हुए पकड़ा, जो कि पीसी एंड पीएनडीटी नियमों का गंभीर उल्लंघन है। त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन एवं उपायुक्त द्वारा गठित पीसी एंड पीएनडीटी टीम ने सेंटर और वहां मौजूद यूएसजी (USG) मशीन को सील कर दिया।

उपायुक्त द्वारा गठित जांच दल में शामिल अधिकारियों ने मौके पर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच टीम में कार्यपालक दंडाधिकारी श्री रविंद्र नाथ ठाकुर, सहायक नोडल पीसी एंड पीएनडीटी डॉ. विकास कुमार राणा, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. राकेश ईंदर सिंह, डॉ. सैम्स तबरेज आलम, एवं एनजीओ प्रतिनिधि पूजा रतनाकर उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीसी एंड पीएनडीटी कानून का उल्लंघन करने वाले अन्य संस्थानों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। धनबाद जिले में गर्भाधान और प्रसव पूर्व लिंग जांच पर पूरी तरह से प्रतिबंध है, और जो भी इस नियम का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment