धनबाद, 19 फरवरी: रेलवे स्टेडियम धनबाद में बुधवार को हुए धनबाद प्रेस क्लब मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 के फाइनल मुकाबले में धनबाद प्रेस क्लब ब्लू (DPC Blue) ने डी थ्री को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत में डीपीसी ब्लू के खिलाड़ी राजा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार जीता।
फाइनल मुकाबले में डी थ्री ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 128/9 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में डीपीसी ब्लू ने सिर्फ 10.4 ओवरों में एक विकेट खोकर 131 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान राममूर्ति पाठक को बेस्ट फील्डर और बेस्ट कैप्टन का खिताब मिला, जबकि विक्रम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।
इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में धनबाद की उपायुक्त माधवी मिश्रा, विधायक राज सिन्हा, डीआरएम कमल किशोर सिन्हा, सीनियर डीपीओ अजीत कुमार, सीनियर डीसीएम अमरेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के टाइटल प्रायोजक बीसीसीएल के अधिकारी उदयवीर सिंह और विभिन्न मीडिया हाउस के संपादकों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।फाइनल मैच से पहले उपायुक्त माधवी मिश्रा समेत अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
टूर्नामेंट के आयोजन में धनबाद प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान कमेंट्री टीम, ग्राउंड क्यूरेटर, स्कोरर और अंपायर्स को भी सम्मानित किया गया।इस मौके पर धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव झा, वरीय उपाध्यक्ष शशि राय, महासचिव अजय प्रसाद, उपाध्यक्ष प्रतीक पोपट, बलवंत कुमार, अमर प्रसाद, राममूर्ति पाठक, चंदन पाल और अन्य पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। सभी ने टूर्नामेंट की सफलता पर खुशी जताई और भविष्य में इसे और भव्य बनाने का संकल्प लिया।