बच्चे विकसित समाज की नींव हैं, उनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी : न्यायाधीश
धनबाद: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण , धनबाद निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शनिवार को सिविल कोर्ट धनबाद मे एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इसकी जानकारी देते हुए अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा श्री मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि शिविर में सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को पॉक्सो अधिनियम एवं साइबर अपराधों के खतरे से बचाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शिक्षकों को बच्चों के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान मनोरोग काउंसलर अभिषिक्त मुखर्जी, चीफ एलएडीसीएस डॉ. कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट तथा सहायक एलएडीसीएस शैलेंद्र झा, स्वाति कुमारी एवं कन्हैया लाल ठाकुर ने शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बच्चों के साथ होने वाली घटनाओं की पहचान, उचित सहयोग एवं समय पर आवश्यक कदम उठाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।