आरा स्टेशन पर चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा
हाजीपुर – 03.11.2026
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग द्वारा आज 03.11.2026 को पाटलिपुत्र-दानापुर के रास्ते हाजीपुर-आरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया । इस दौरान महाप्रबंधक महोदय ने इस रेलखंड के रेलवे ट्रैक, रेल पुलों आदि का मुआयना किया। महाप्रबंधक ने रेल ट्रैक के बेहतर रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए संरक्षित रेल परिचालन के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया।
महाप्रबंधक महोदय द्वारा आरा जं. पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म आदि का निरीक्षण कर यात्री सुविधा, संरक्षा तथा साफ-सफाई आदि का जायजा लिया गया । निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक महोदय द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आरा जं. पर चल रहे निर्माणाधीन स्थल का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा पर पूरा करने का निर्देश दिया । पुनर्विकसित स्टेशन भवन आकर्षक डिजाइन के साथ उन्नत एवं आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त होगा ।
निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।