मुनीडीह की बेटी का बॉलीवुड में जलवा, अब ‘रामायण’ की टीम में निभा रहीं अहम जिम्मेदारी

Share This News

कोयलांचल की सायंतनी ने मुंबई में बनाई पहचान, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ से जुड़ीं

धनबाद: कोयलांचल की प्रतिभा अब मायानगरी मुंबई में अपनी पहचान बना रही है। मुनीडीह की सायंतनी मुस्तफी ने बॉलीवुड में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खास मुकाम हासिल किया है। वह इन दिनों फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ में सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से मुनीडीह सहित पूरे कोयलांचल में गर्व का माहौल है।

सायंतनी इससे पहले विक्की कौशल अभिनीत फिल्म ‘सैम बहादुर’ और अमेजन प्राइम की वेब सीरीज ‘जुबली’ के सभी 10 एपिसोड में सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम कर चुकी हैं। वर्ष 2024 में रिलीज फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ में भी वह एडिशनल सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर रहीं। इसके अलावा ‘द पीजेंट’ प्रोजेक्ट से भी जुड़ी रही हैं।

दिल्ली और पुणे से हासिल की उच्च शिक्षा

सायंतनी ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन से पत्रकारिता में स्नातक और पुणे के सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन से मास कम्युनिकेशन (ऑडियो-विजुअल) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। वह इंडिया टेक वन प्रोडक्शंस, धर्मा प्रोडक्शंस, आरएसवीपी और आंदोलन फिल्म्स जैसे प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस के साथ काम कर चुकी हैं। स्क्रिप्ट ब्रेकडाउन, रिसर्च, कास्टिंग और पोस्ट प्रोडक्शन में भी उन्हें अनुभव है।

सायंतनी के पिता अरिंदम मुस्तफी बीसीसीएल के बस्ताकोला एरिया में जीएम हैं, जबकि मां द्युति मुस्तफी महिला समिति से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। मुनीडीह से निकलकर बॉलीवुड की बड़ी फिल्म परियोजना तक पहुंचना सायंतनी की मेहनत और लगन की कहानी है। ‘रामायण’ से उनका जुड़ाव पूरे कोयलांचल के लिए गौरव की उपलब्धि है।

Leave a comment