धनबाद, 16 फरवरी: झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता, झारखंड आंदोलन के शंखनाद करने वाले कॉमरेड स्वर्गीय ए. के. राय जी की स्मृति में स्मारक शिलान्यास समारोह का आयोजन नूतन डीह मोड़, सेंट्रल हॉस्पिटल के मुख्य मार्ग के समीप किया गया। इस कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो, बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह, वर्तमान विधायक चंद्रदेव महतो, समाजसेवी विजय झा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्व. ए. के. राय जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन और महानायक विनोद बिहारी महतो के साथ मिलकर झारखंड अलग राज्य की लड़ाई को एक नई दिशा दी थी। उनके संघर्षों और विचारधारा को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. ए. के. राय जी की विचारधारा हमेशा झारखंड के लोगों को प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने स्मारक समिति के सदस्यों को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया और इसे एक सराहनीय कदम बताया। विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि कॉमरेड ए. के. राय जी गरीबों, मजदूरों और किसानों की आवाज थे, और उनका संघर्ष हमेशा याद रखा जाएगा।कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी रही। स्मारक निर्माण को लेकर आम जनता में भी उत्साह देखा गया। आयोजकों ने बताया कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्षों और बलिदानों की याद दिलाता रहेगा।



