धनबाद: नालसा एवं झालसा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अरेस्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। सिविल कोर्ट धनबाद में आयोजित कार्यशाला मे डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो ने आम जनता से अपील की कि वे डिजिटल अरेस्ट के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। अनजान स्रोत से प्राप्त एपीके फाइल या ऐप डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे मोबाइल और निजी जानकारी का दुरुपयोग हो सकता है। कार्यशाला में साइबर थाना के इंस्पेक्टर गौरव कुमार एवं आरजू कुमार सिंह ने , पैनल अधिवक्ताओं, एनजीओ प्रतिनिधियों तथा अधिकार मित्रों को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट के तरीके और उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विधिक सेवा से जुड़े लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उनके माध्यम से आम नागरिकों तक यह संदेश पहुंचाना है कि सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।