धनबाद। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर बरमसिया स्थित शनि मंदिर परिसर में शनिवार को मानव सेवा का सराहनीय दृश्य देखने को मिला। युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह राजपूत विचार मंच धनबाद के जिलाध्यक्ष और समाजसेवी दिलीप सिंह के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों के बीच साड़ी, लुंगी और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर खुशी लाना और दुर्गा पूजा की खुशियों को उनके साथ साझा करना था। मंदिर परिसर में सुबह से ही जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों की भीड़ जुटी रही। सभी को प्रेम और सम्मान के साथ वस्त्र और भोजन सामग्री दी गई।इस अवसर पर समाजसेवी दिलीप सिंह ने कहा, जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है और जरूरतमंदों की मदद करना मेरा धर्म है। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सच्ची मानव सेवा है। भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद समाजसेवी बॉबी पांडे ने कहा कि दिलीप सिंह कोरोना काल से भी पहले से लगातार गरीब और जरूरतमंदों की सेवा करते आ रहे हैं। आज दुर्गा पूजा जैसे पावन पर्व पर उनके द्वारा जरूरतमंद परिवारों के बीच वस्त्र और भोजन सामग्री का वितरण करना सराहनीय कार्य है। इससे गरीब परिवार भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सके हैं।इस सेवा कार्यक्रम के दौरान किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य श्वेता किन्नर, समाजसेवी बॉबी पांडे, मुन्ना सिंह, राजू जिरखन सिंह, गुड्डू सिंह, अनिल अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की।