बोकारो IG एस.के. सिन्हा का धनबाद दौरा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

Share This News

नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।

बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक यानी आईजी एस.के. सिन्हा शनिवार को धनबाद पहुंचे, जहां पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आईजी एस.के. सिन्हा ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिले में लंबित कांडों, संगठित अपराध, नक्सली गतिविधियों और पुलिस प्रशासन से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने दो वर्ष और दस वर्ष से अधिक पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया और कहा कि पुराने मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही पॉक्सो यानी POCSO, एनडीपीएस यानी NDPS, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई और बेहतर अनुसंधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान सीसीटीएनएस पर लंबित मामलों की संख्या कम करने तथा न्यायालयों में फाइनल फॉर्म जल्द से जल्द जमा करने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं संगठित गिरोहों से जुड़े अपराधियों और फरार आरोपियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। चतरा से सटे क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों से संबंधित इनपुट पर भी लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी सूचना पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासनिक मामलों की समीक्षा के दौरान थानों का नियमित निरीक्षण करने, मालखाना प्रभार के हस्तांतरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के पेंशन और अनुकंपा से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया। वहीं बैठक में चुटुपालू घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि रामगढ़ प्रशासन और एनएचएआई की टीम सड़क की तकनीकी कमियों को दूर करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर काम कर रही है। समीक्षा बैठक के दौरान आईजी एस.के. सिन्हा ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों पर कार्रवाई, संवेदनशील मामलों में तेजी और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। इस बैठक के माध्यम से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। देखते रहिए कुसुम न्यूज़।

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment