नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।
धनबाद रेल मंडल में यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करने और बिना टिकट या अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों पर कार्रवाई के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अक्टूबर 2026 को धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, जो सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन-रात जारी रहा। इस विशेष जांच अभियान के दौरान कुल 381 यात्रियों को पकड़ा गया, जिसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्री, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्री तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल रहे। पकड़े गए यात्रियों से कुल 2 लाख 79 हजार 180 रुपये जुर्माने के रूप में राशि प्राप्त की गई। इस दौरान यात्रियों को उचित टिकट के साथ ही रेल यात्रा करने की कड़ी हिदायत भी दी गई। टिकट चेकिंग अभियान के तहत चेकिंग टीमों ने धनबाद मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच अभियान चलाया। वहीं, टिकट जांच के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ भी देखने को मिली। धनबाद मंडल द्वारा लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें और यात्रा के दौरान अपने पास मौजूद टिकट के अनुरूप ही निर्धारित श्रेणी में सफर करें। रेलवे प्रशासन का कहना है कि नियमों का पालन करते हुए टिकट के साथ यात्रा करना न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि रेल व्यवस्था को भी बेहतर और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करता है। इसलिए अगर आप भी ट्रेन से यात्रा करने जा रहे हैं, तो यात्रा से पहले अपना टिकट जरूर बनवाएं और जिस श्रेणी का टिकट आपके पास है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। देखते रहिए कुसुम न्यूज़।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर