जेबीसीसीआई का जल्द गठन और बोनस भुगतान शीघ्र करने की मांग, अधिकारियों व श्रमिक नेताओं ने दी विदाई
धनबाद : गोपालीचक कोलियरी के हाजिरी बाबू जयप्रकाश सिंह उर्फ पप्पू सिंह के सेवानिवृत्ति सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनता मजदूर संघ के महामंत्री सह एचएमएस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सिद्धार्थ गौतम उपस्थित हुए। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे जयप्रकाश सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
अपने संबोधन में सिद्धार्थ गौतम ने मजदूर हित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हित में जेबीसीसीआई का गठन जल्द किया जाना चाहिए तथा मजदूरों को बोनस का भुगतान भी शीघ्र किया जाए। उन्होंने मजदूरों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर भी अपने विचार रखे।
समारोह में गोपालीचक कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी नंदेश्वर राय, खान प्रबंधक मिथिलेश सिंह, पुटकी-बलिहारी क्षेत्र के अपर प्रबंधक एसके सिंह, क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक अभिषेक राय, भंवरा के परियोजना पदाधिकारी लखन लाल बरनवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनता मजदूर संघ के केंद्रीय सचिव रंजय कुमार, संघ के सदस्य तेज बहादुर सिंह, प्रमोद चौहान, राजेंद्र तिवारी, विकास कुमार यादव, नगीना राम, गोविंद यादव, राजेश यादव समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। वहीं एटक के सचिव फूलचंद यादव, इनमोसा के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, चंद्रदीप यादव सहित कोलियरी के कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने जयप्रकाश सिंह के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। समारोह में सैकड़ों की संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक नेता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ।