स्टेट चैंपियनशिप में धनबाद के खिलाड़ियों ने जीते 13 पदक, कोच्चि में 2 से 4 अक्टूबर तक होगा 10वां नेशनल
धनबाद: 5वीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर धनबाद के 12 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट हासिल कर लिया है। अब ये खिलाड़ी केरल के कोच्चि में 2, 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाली 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से करीब 1000 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। झारखंड से 85 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिसमें धनबाद के 12 खिलाड़ी शामिल हैं।
19 और 20 सितंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित 5वीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप में धनबाद के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदक अपने नाम किए। इनमें छह स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए धनबाद से चयनित खिलाड़ियों में गौरव कुमार, दीपक कुमार, प्रिंस विश्वकर्मा, जिगर विश्वकर्मा, सत्यम कुमार, रबिउल खान, अंश कुमार, सूर्यांश कुमार, सत्यम विश्वकर्मा, विनय गुप्ता, मयंक राज और सोनू कुमार शामिल हैं।
स्टेट चैंपियनशिप में अंडर-12 वर्ग में अंश कुमार ने सिंगल्स में स्वर्ण पदक, जबकि अरुष कुमार ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 वर्ग में रबिउल खान ने सिंगल्स में स्वर्ण, अंश कुमार और मयंक राज ने डबल्स में रजत तथा सत्यम कुमार ने सिंगल्स में कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-16 वर्ग में सूर्यांश कुमार ने सिंगल्स में कांस्य, जबकि सूर्यांश कुमार और विनय गुप्ता की जोड़ी ने डबल्स में रजत पदक जीता। अंडर-19 वर्ग में जिगर विश्वकर्मा ने सिंगल्स में स्वर्ण, जबकि जिगर विश्वकर्मा और आदित्य प्रजापति की जोड़ी ने डबल्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी वर्ग में सत्यम विश्वकर्मा और एमडी कासिद नबी ने डबल्स में रजत तथा आदित्य प्रजापति ने मेन्स सिंगल्स में रजत पदक जीता।
वहीं 35 प्लस वर्ग में गौरव कुमार ने मेन्स सिंगल्स और मेन्स डबल्स दोनों में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. सुधीर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
वहीं झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी एवं धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव गौरव कुमार ने कहा कि धनबाद के 12 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी कोच्चि में भी शानदार प्रदर्शन कर धनबाद और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट