धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित विशेष दिव्यांग स्कूल ‘पहला कदम’ में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद बच्चों ने शिक्षकों के सम्मान में गीत, कविता और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे स्कूल परिसर को उत्सव के माहौल में बदल दिया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर बच्चों और शिक्षकों के बीच विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां भी आयोजित की गईं। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया और उनके साथ समय बिताया। खेलों के दौरान बच्चों और शिक्षकों ने खूब आनंद लिया तथा में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर अनीता अग्रवाल ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके जीवन को सही दिशा देने और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष बच्चों के साथ शिक्षक जिस धैर्य, समर्पण और स्नेह के साथ कार्य कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ‘पहला कदम’ के बच्चे प्रतिभा से भरपूर हैं और उन्हें उचित मार्गदर्शन देकर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
स्कूल की ओर से शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और योगदान की सराहना की गई। ‘पहला कदम’ में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक लगातार प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। पूरा स्कूल परिसर सम्मान, खुशी और उत्साह से सराबोर रहा।