धनबाद जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शिक्षा एवं संस्कार के महत्व को समझा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों, आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका एवं पोषण सखी द्वारा भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया गया। बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने तथा शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं अच्छे व्यवहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां भी तैयार कीं और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उन्हें प्रस्तुत किया।
शिक्षक दिवस के आयोजन से जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का वातावरण उत्साह, स्नेह एवं सीखने की भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ रचनात्मकता, अच्छे संस्कार एवं व्यवहार की नींव मजबूत करना रहा।