आरबीएसके शिविर में 56 बच्चों की हुई जांच

Share This News

क्लब फुट के 7 बच्चों का फॉलोअप, ऑर्थोपेडिक के 2 नए मरीज चिन्हित

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, धनबाद के सौजन्य से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सदर अस्पताल में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए विशेष स्वास्थ्य अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में आयोजित विशेष शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में कुल 56 बच्चों की जांच की गई, जिसमें 51 सूचीबद्ध एवं 5 नए बच्चे शामिल रहे। इस दौरान ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी, मेडिसिन एवं पीडियाट्रिक्स विभाग के चिकित्सकों द्वारा बच्चों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया।

वहीं, क्लब फुट के 7 बच्चों का फॉलोअप किया गया। इसके अलावा ऑर्थोपेडिक विभाग में 2 नए मरीज चिन्हित किए गए, जिन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

सदर अस्पताल में संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से बच्चों में जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में नि:शुल्क उपचार एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर बच्चों को सदर अस्पताल लाकर RBSK के तहत उपलब्ध नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Leave a comment