आंगनबाड़ी केंद्रों में लगेगा विशेष आधार कैंप

Share This News

0 से 5 वर्ष के बच्चों का बनेगा आधार कार्ड, अभिभावक रखें जन्म प्रमाण पत्र तैयार

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले के 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बनाने के लिए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष आधार शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इसका आयोजन करने के लिए आज जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी सह ई-जिला प्रबंधक श्री अमित कुमार सिंह तथा इंडिया पोस्ट के वरीय प्रबंधक श्री प्रीतम कुमार ने बैठक की।

इस संबंध में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य छोटे बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं व पोषण सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड निर्माण के लिए बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र तथा माता या पिता में से किसी एक का आधार कार्ड अनिवार्य है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित होने वाले शिविर में पहुंचकर अपने बच्चों का आधार कार्ड अवश्य बनवाएं। शिविर में आने से पहले बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और अभिभावक अपना वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें।

जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी ने बताया कि इस आयु वर्ग के बच्चों का केवल फोटो और मूल विवरण लिया जाएगा। बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट और आइरिस) की आवश्यकता नहीं होगी। कैंप में बच्चों के अभिभावक अपना मोबाइल नंबर अपडेट करा सकेंगे। कैंप आयोजन की तिथियों की एक सप्ताह के अंदर घोषणा की जाएगी।

बताया कि अभियान को सुगम और त्वरित बनाने के लिए इंडिया पोस्ट के सहयोग से 80 आधुनिक आधार टैब की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से केंद्रों पर ही मौके पर बच्चों का डिजिटल पंजीकरण किया जाएगा।

Leave a comment