जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए सभी मतदान केंद्रों में दो बार कैंप का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन हो गया है। 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दायर करने की अवधि निर्धारित है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए 8 एवं 9 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रथम कैंप तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों में द्वितीय कैंप का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 15 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक सभी पंचायत भवन में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। जबकि 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक सभी मतदान केंद्र क्षेत्र में होम टू रोल वेरिफिकेशन किया जाएगा।
होम टू रोल वेरिफिकेशन कार्यक्रम के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर योग्य नागरिक या तो प्रपत्र 6 जमा कर चुका है या उसका नाम 05 अगस्त, 2026 को जारी प्रारूप मतदाता सूची में पहले से दर्ज है। साथ में सभी मतदाता जिनका नाम नजरी नक्शा के अनुसार उनके क्षेत्र के मतदान केन्द्र के स्थान पर किसी दूसरे मतदान केन्द्र पर दर्ज है, उनके द्वारा अपने सही मतदान केन्द्र पर नाम स्थानांतरित कराने हेतु प्रपत्र 8 जमा कर दिया गया है। झारखण्ड से बाहर (जैसे बिहार एवं पश्चिम बंगाल) के राज्यों में सम्पन्न एसआइआर में दर्ज परिवार के सदस्यों का नाम झारखण्ड में भी प्रपत्र 8 एवं घोषणा पत्र के साथ दर्ज किया जा सकता है। जबकि 04 सितंबर 2026 तक एक परिवार एक साथ (फैमिली टूगेदर) स्टीकर सभी घरों में चिपकाया जाएगा।