उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज 15वें वित्त आयोग के तहत आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में धनबाद के शहरी क्षेत्र में 18 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करने के लिए वार्ड पार्षदों से स्थल चिन्हित कर प्रस्ताव देने का आग्रह किया गया।
उपायुक्त ने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में सरकारी भवन की उपलब्धता का प्रस्ताव देने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी भवन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करना सबसे उपयुक्त रहेगा। यदि सरकारी भवन उपलब्ध नहीं है तो पार्षद अन्य स्थल भी चिन्हित कर सकते हैं।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही शहरी स्वास्थ्य केंद्र को पॉलीक्लिनिक के रूप में विकसित करने, विशेषज्ञ चिकित्सक बहाल करने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया।
उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नए भवनों की समीक्षा की। साथ ही स्वास्थ्य उप केंद्रों में रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाई स्पीड इंटरनेट लगाने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के प्रगति की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान पार्षद ने हाई स्कूल भूली को प्लस टू करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि प्लस टू स्कूल नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में क्षेत्र के छात्रों को दूर के प्लस टू स्कूल में एडमिशन लेना पड़ता है। उपायुक्त ने उनसे लिखित में प्रस्ताव देने को कहा। वहीं सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा ने सभी पार्षदों से शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी, डीपीएम श्रीमती प्रतिमा कुमारी के अलावा, नगर निगम के प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद श्रीमति शोभा देवी, श्रीमति अरुणा कुमारी, श्रीमति उर्मिला मंडल, श्रीमति सरिता सिंह, श्री प्रिय रंजन, श्री मुनी लाल रबिदास, श्रीमति रीना देवी, मो अलिम अंसारी, श्रीमति रीना महतो, श्री विकाश रंजन, श्रीमति मीनाक्षी सिंह, श्रीमति कल्पना महतो, श्रीमति सुमन देवी, श्री साहेब राम हेम्ब्रेम, वार्ड पार्षद श्रीमति संजू देवी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।