कैंप में हाथों-हाथ मिले जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र

Share This News

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार पूर्वी टुंडी अंचल अधिकारी श्री सुरेश प्रसाद वर्णवाल की देखरेख में मोहलीडीह पंचायत भवन में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान 3 अगस्त से 7 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों को त्वरित सेवा प्रदान करना है।

कैंप के दौरान अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, राजस्व कर्मचारी नवीन कुमार सिन्हा और कंप्यूटर ऑपरेटर राजेंद्र कुमार ने आवेदनों की तुरंत ऑन द स्पॉट जांच की। दस्तावेज सही पाए जाते ही प्रमाण पत्र जारी कर प्रिंट आउट आवेदक को सौंप दिया गया।

शिविर में पहुंचे एक स्थानीय युवक को महज 2 घंटे के भीतर जाति प्रमाण पत्र मिल गया। त्वरित सेवा से खुश होकर युवक ने अन्य ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे इस कैंप का लाभ उठाकर अपने आवश्यक दस्तावेज तुरंत बनवाएं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस पारदर्शी प्रक्रिया से छात्रों का समय और पैसा दोनों बचेगा, जिससे उन्हें शैक्षणिक एवं छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों में आसानी होगी।

मौके पर मोहलीडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतलाल बाबा, आजसू नेता काजल कुमार, वार्ड सदस्य, स्थानीय ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने जिला प्रशासन की इस त्वरित व जनहितैषी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a comment