धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के संयुक्त तत्वावधान में सीएमपीएफ कॉलोनी, धनबाद में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी सीमांत क्षेत्रों के बच्चों, युवाओं और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा उनके बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर में फिजियोथेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट द्वारा परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन जैसी विभिन्न सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों को सभी सुविधाएं बिना किसी शुल्क के प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञों से परामर्श का लाभ उठाया। इस अवसर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, समय-समय पर जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं भारतीय स्टेट बैंक की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता का लाभ पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ एवं सशक्त जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।