हाजीपुर: 29.07.2026
केन्द्रीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पूर्व मध्य रेल, पटना में अग्निशमन विभाग, कंकड़बाग, पटना, बिहार सरकार द्वारा एक व्यापक फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित बचाव कार्यों व अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग तथा आपदा प्रबंधन की प्रक्रियाओं के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित सभी कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं प्राथमिक प्रतिक्रिया व सुरक्षित निकासी तथा अग्निशामक यंत्रो के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन कर विस्तार से जानकारी दी। मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल परिसर में आपदा प्रबंधन की तैयारियों का भी आकलन किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुबोध कुमार मिश्र सहित अस्पताल के सभी चिकित्सक व नर्सिंग अधिकारी, पारामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने मॉक ड्रिल में सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुबोध कुमार मिश्र ने बिहार सरकार के अग्निशमन विभाग, कंकड़बाग, पटना की टीम का आभार व्यक्त किये तथा उन्होंने बताया कि इस प्रकार का नियमित प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल अस्पताल की आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ करने तथा मरीजों एवं कर्मचारियोें की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।