धनबाद, 10 फरवरी 2025: रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें क्लब के अध्यक्ष श्री राहुल व्यास ने जानकारी दी कि अमेरिका से रोटरी इंटरनेशनल की 24 सदस्यीय टीम धनबाद पहुंची है। इस टीम की अगुआई रोटरी इंटरनेशनल की पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्रीमती नैंसी बार्बी कर रही हैं। यह दल अगले दो दिनों तक धनबाद में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेगा।
रोटरी इंटरनेशनल ने भारत को पोलियो मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसी क्रम में रोटरी इंटरनेशनल की एनआईडी (नेशनल इम्यूनाइजेशन डे) टीम हर वर्ष भारत का दौरा कर अभियान की समीक्षा करती है। धनबाद दौरे के तहत 11 फरवरी को यह दल बाघमारा के क्षत्रु टांड़ में जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएगा और वहां रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा संचालित केंद्र का निरीक्षण करेगा।
12 फरवरी को टीम रोटरी भवन, गोविंदपुर पहुंचेगी, जहां वे रोटरी डायलिसिस सेंटर और सहेली सेंटर का दौरा करेंगे। इसके अलावा, जीनियस पब्लिक स्कूल में 10 बच्चियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके बाद जीवन ज्योति विशेष विद्यालय का दौरा किया जाएगा, जहां स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) द्वारा आयोजित दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर में भी यह दल शामिल होगा।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के अध्यक्ष श्री राहुल व्यास, श्री कणव बाली, श्री कमल संघवी, श्री संजय खेमका, श्री संदीप नारंग, श्री राजीव गोयल, श्री संजीव ब्योत्रा, श्रीमती अनु नारंग, श्री पार्थ सिंहा एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।रोटरी क्लब ऑफ धनबाद ने सामाजिक और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अपने प्रयासों को दोहराया और आशा व्यक्त की कि यह दौरा स्थानीय स्तर पर और अधिक सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेगा।

