MPL के दर्जनों वाहनों की जाँच, 31 वाहनों पर लगा ₹2.8 लाख का जुर्माना
निरसा-जामताड़ा रोड पर खुशरी और पांड़रा मोड़ के बीच हाइवा की टक्कर से दो बाइक सवार छात्रों के घायल होने की घटना को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस दुर्घटना के बाद सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर द्विवेदी ने अपनी टीम के साथ मैथन पावर लिमिटेड क्षेत्र में पहुँचकर परिवहन कार्य में लगे दर्जनों भारी वाहनों (हाइवा व अन्य) का औचक निरीक्षण और सघन जाँच अभियान चलाया।
MPL की ट्रांसपोर्टिंग में लगे दर्जनों वाहनों के परिचालन, गति, और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जाँच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 31 वाहनों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग या सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर इन वाहनों पर कुल ₹2.8 लाख का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी. द्विवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने सभी वाहनों के चालकों को नियंत्रित गति और नियमों के तहत गाड़ी चलाने का निर्देश दें। यदि भविष्य में किसी भी वाहन द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाती है, तो इससे भी अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।